हरिद्वार। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला द्वारा गौसेवा, गोवंश संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कामधेनुलोक जैसी पहल भारतीय संस्कृति के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता को विशेष सम्मान प्राप्त है। गौसेवा हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण जीवन का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। गोवंश का संरक्षण करने से प्राकृतिक खेती, पर्यावरण सुरक्षा और ग्रामीण परिवारों की आजीविका को बढ़ावा मिल सकता है।
उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2010 में केवल 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुई संस्था आज बड़े स्तर पर कार्य कर रही है। संस्था की ओर से पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से ज्यादा गोवंश की देखभाल की जा रही है। हरिद्वार में भी हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन आश्रय दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने संस्था द्वारा संचालित मानव सेवा के कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस के जरिए अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है। इसके अलावा गोवंश के लिए चिकित्सा, चारे और पौष्टिक आहार की व्यवस्था की जाती है। संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ जरूरतमंद परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता भी प्रदान कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गौसंरक्षण, देसी नस्लों के विकास और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उत्तराखण्ड सरकार भी गौशालाओं को आधुनिक बनाने, निराश्रित गोवंश की देखभाल करने और गौ आधारित रोजगार के अवसर विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन प्रयासों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों और विशेष रूप से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। चमोली जिले में तीन ऐसे ग्रोथ सेंटर संचालित हो रहे हैं। इनके माध्यम से स्थानीय पशुपालकों को नए अवसर मिल रहे हैं और पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन तथा स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिल रहा है।मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। इसके साथ ही ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशालाओं के निर्माण के लिए भूमि भी चिह्नित की गई है।
उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण आज एक महत्वपूर्ण चुनौती बन गया है। कृषि कार्यों में मशीनों के बढ़ते इस्तेमाल से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में बदलाव आया है। ऐसे में गौसंरक्षण के लिए स्थायी और व्यावहारिक उपाय अपनाने की आवश्यकता है। गौशालाओं के निर्माण के साथ गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना जरूरी है, जिससे किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों को मजबूती मिल सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जनसहभागिता जरूरी है। राज्य सरकार गौसंरक्षण से जुड़े कानूनों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कर रही है। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार देश के प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्रों में से एक है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेंगी। वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कों, पुलों, संपर्क मार्गों और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कुंभ मेले के दौरान सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के साथ आधुनिक तकनीक के माध्यम से भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था विकसित की जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि की आध्यात्मिक परंपरा, स्वच्छता, बेहतर व्यवस्थाओं और अतिथि सत्कार का सुखद अनुभव लेकर लौटें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है। गौसंरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और ग्रामीण आजीविका को एक-दूसरे से जोड़ना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का एक आदर्श उदाहरण बनेगी।इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, श्री मदन कौशिक एवं श्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, विधायक श्री प्रेमचंद अग्रवाल एवं श्री प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
