मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का उद्घाटन कर उसे पर्यटकों के लिए खोल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर की लोकप्रियता बढ़ेगी और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का एक नया अनुभव मिलेगा।उन्होंने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं। इससे प्रतिवर्ष सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आगमन से यहां पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में पहली बार इस प्रजाति का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में दो अन्य बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर पर्यटन के साथ-साथ वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता, जंगलों तथा पारिस्थितिकी तंत्र के बारे में जानने का अवसर मिलता है। बच्चों के लिए पहले से लागू निःशुल्क भ्रमण व्यवस्था के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेज के विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इस पहल से छात्र वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण से जुड़े विषयों को व्यावहारिक रूप से समझ सकेंगे। साथ ही युवाओं में प्रकृति के संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित होगी।उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड प्राकृतिक और भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, जहां हर वर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाएं आती हैं। इसलिए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाते समय पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच सामंजस्य स्थापित कर विकास के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उत्तराखण्ड देश के प्रमुख वन संपदा वाले राज्यों में शामिल है। यहां के जंगल और समृद्ध जैव विविधता राज्य की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में अहम योगदान दे रहे हैं।कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
