मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के ग्राम 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पर पहुंचकर छठ महापर्व के अवसर पर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने छठी मैया एवं सूर्यदेव से प्रदेश के सभी नागरिकों के सुखी, स्वस्थ, समृद्ध और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छठ घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं से मुलाकात की और सभी को इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय लोकसंस्कृति, गहरी आस्था और प्राचीन धार्मिक परंपराओं से जुड़ा विशेष पर्व है। यह पर्व सामाजिक एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने के साथ हमें प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने, उसका सम्मान करने तथा संयम, सेवा और समर्पण का भाव अपनाने की सीख देता है।उन्होंने कहा कि सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना से जुड़ी यह परंपरा प्रकृति और मानव जीवन के बीच सामंजस्य बनाए रखने का संदेश देती है। ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन परिवार और समाज के रिश्तों को मजबूत करने के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। साथ ही, ये पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
