मुक्त व्यापार समझौतों से उत्तराखंड के निर्यात को मिलेगा बढ़ावा, देहरादून में हुआ मंथन.

देहरादून। उत्तराखंड के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने और स्थानीय उद्योगों की निर्यात क्षमता बढ़ाने के लिए देहरादून में मुक्त व्यापार समझौतों पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। शुक्रवार को होटल हयात सेंट्रिक में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन विदेश व्यापार महानिदेशालय के क्षेत्रीय प्राधिकरण, दिल्ली और उत्तराखंड सरकार के उद्योग निदेशालय ने संयुक्त रूप से किया।‘मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाना’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में एमएसएमई इकाइयों, उद्यमियों और निर्यातकों को विभिन्न देशों के साथ भारत के व्यापार समझौतों और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते प्रदेश के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नए अवसर प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में निर्यात और औद्योगिक विकास की अहम भूमिका है। ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात और न्यूजीलैंड के साथ हुए समझौतों से भारतीय उत्पादों को शून्य या रियायती सीमा शुल्क पर विदेशी बाजारों में प्रवेश के अवसर मिल रहे हैं।

मंत्री ने बताया कि उत्तराखंड का कुल निर्यात वर्ष 2017-18 के 10,836 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 13,802 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। औषधि निर्माण, इंजीनियरिंग उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक एवं हर्बल उत्पाद और हस्तशिल्प इस वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।उन्होंने निवेश के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इन्वेस्ट उत्तराखंड सिंगल विंडो पोर्टल के जरिए पिछले तीन वर्षों में 6,932 परियोजनाओं के लिए 70,397 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश प्रस्तावों को सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है। नीति आयोग के एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 और इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स-2026 में भी राज्य को अपनी श्रेणी में देश में पहला स्थान मिला है।

चौधरी ने बताया कि पर्वतीय जिलों में उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। हरिद्वार में 194 करोड़ रुपये की लागत से फ्लैटेड फैक्ट्री का निर्माण किया जा रहा है। सेलाकुई और पंतनगर में भी इस तरह के औद्योगिक परिसर प्रस्तावित हैं।इसके साथ ही किच्छा के खुरपिया में 1,100 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। हरिद्वार में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और बनबसा में लैंड कस्टम स्टेशन के विकास का कार्य भी किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज और हिमाद्री ब्रांड के माध्यम से स्थानीय हस्तशिल्प, ऐपण कला, मोटे अनाज और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है।महानिदेशक एवं आयुक्त उद्योग सौरभ गहरवार ने प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश आकर्षित करने और निर्यात को बढ़ावा देने के प्रयासों पर जानकारी साझा की।

वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित वर्मा और विदेश व्यापार के अपर महानिदेशक निखिल वर्मा ने भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों की जानकारी दी। उन्होंने सीमा शुल्क रियायतों, उत्पादों के मूल देश के नियमों (Rules of Origin), निर्यात संवर्धन मिशन और डिस्ट्रिक्ट एज एन एक्सपोर्ट हब पहल के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि इन प्रावधानों का सही उपयोग भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद कर सकता है।कार्यशाला में आयोजित तकनीकी सत्रों के दौरान कृषि, प्रसंस्कृत खाद्य, हस्तशिल्प, सेवा और इंजीनियरिंग क्षेत्र के विशेषज्ञों ने उत्तराखंड के लिए उपलब्ध निर्यात अवसरों पर प्रस्तुतियां दीं। उद्योग निदेशालय के अधिकारियों ने प्रदेश की निर्यात नीति के तहत मिलने वाले वित्तीय प्रोत्साहन, गुणवत्ता प्रमाणन और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं की जानकारी भी दी।

अंतिम सत्र में उद्यमियों, निर्यातकों और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान निर्यात प्रक्रिया, मुक्त व्यापार समझौतों के व्यावहारिक उपयोग और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच से जुड़े सवालों पर चर्चा हुई और सुझाव साझा किए गए।कार्यशाला में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई), भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई), इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद (ईईपीसी), हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच), एपीडा और सेवा निर्यात संवर्धन परिषद (एसईपीसी) के प्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमी एवं निर्यातक शामिल हुए।

Trending Now