देहरादून। उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए संचालित प्रमुख परियोजनाओं को गति देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश एवं आधारभूत संरचना विकास बोर्ड की पांचवीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा की।बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं पर काम चल रहा है, उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के लिए तेजी से आगे बढ़ाया जाए। जिन योजनाओं का निर्माण जल्द शुरू हो सकता है, उनकी औपचारिकताएं पूरी कर काम शुरू किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय मजबूत करने और अगले एक महीने में कुछ परियोजनाओं के काम धरातल पर दिखाई देने सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं में स्थानीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और प्राकृतिक विशेषताओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से संबंधित क्षेत्रों की विशिष्ट पहचान बनी रहनी चाहिए। इससे पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के लिए 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। इनमें करीब 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के स्तर पर हैं। प्रशासनिक मार्ग का निर्माण 75 प्रतिशत पूरा हो चुका है। हरकी पैड़ी के उत्तरी हिस्से में 70 प्रतिशत, हरकी पैड़ी और सुभाष घाट के पुनर्विकास में 50 प्रतिशत तथा रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में 45 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। मां मनसा देवी मंदिर के पहुंच मार्ग का 55 प्रतिशत और मां चंडी देवी मंदिर के पहुंच मार्ग का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने की योजना है। सतीकुंड पुनर्विकास परियोजना का 30 प्रतिशत काम पूरा हुआ है और इसकी समय-सीमा अप्रैल 2027 निर्धारित की गई है।ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के लिए 3,456 करोड़ रुपये की योजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये की परियोजनाएं फिलहाल क्रियान्वित की जा रही हैं। जानकी झूला के निकट एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत निर्माण पूरा हो गया है। इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके साथ ही त्रिवेणी घाट के विकास पर 115.07 करोड़ रुपये, आस्था पथ के सौंदर्यीकरण पर 35.78 करोड़ रुपये और चंद्रभागा पैदल पुल के निर्माण पर 32.28 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। शिवपुरी और नीम बीच में राफ्टिंग से जुड़ी गतिविधियों के लिए पर्यटक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर में 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 340.49 करोड़ रुपये की योजनाओं पर काम चल रहा है। 85.23 करोड़ रुपये की लागत वाले पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। शारदा घाट के 184.20 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले पुनर्विकास का 30 प्रतिशत काम पूरा किया गया है। वहीं, 66.49 करोड़ रुपये की शहरी जल निकासी योजना के पहले चरण में 13 प्रतिशत प्रगति हुई है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण अंतिम चरण में है।तीनों कॉरिडोर को मिलाकर 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। अनुमान है कि इनके माध्यम से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में लगभग 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना पर भी जानकारी साझा की गई। इसके साथ ही साहसिक पर्यटन के सुरक्षित संचालन, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार, निजी निवेश को प्रोत्साहित करने और परियोजनाओं की नियमित निगरानी से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।इस बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा सहित संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
