देहरादून : कोरोना संक्रमण बढ़ने के चलते दून में रोज नए कन्टेनमेंट जोन बनने का सिलसिला भी जारी है। गुरुवार को जिले में आठ नए कन्टेनमेंट जोन बनाये गए, जबकि एक की पाबंदी खत्म हो गई। अब इनकी कुल संख्या 45 हो गई है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव के आदेश के मुताबिक 67-हेमकुंज कॉलोनी (निकट आइएमए ब्लड बैंक), पार्क रोड (निकट वंडर लैंड एकेडमी), ऑर्डनेंस फैक्ट्री क्वार्टर, एकता विहार लेन-चार (आमवाला तरला), रेसकोर्स कॉलोनी मंदिर के पास, इंजीनियर्स एन्क्लेव, मोहकमपुर कला (कलिंका विहार), 01-टीचर्स कॉलोनी (गोविंदगढ़़) के भाग को कंटेनमेंट जोन बनाया गया।
प्रशासन के आदेश तक यहां के लोग किसी बाहरी क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। जरूरत की वस्तुओं की आपूर्ति जिला प्रशासन मोबाइल वैन के जरिये सुनिश्चित करेगा। वहीं, संक्रमण के नए मामले सामने न आने के बाद विकासनगर तहसील में श्रीराम एन्क्लेव पश्चिमी वाला (बादामवाला) का कंटेनमेंट जोन समाप्त कर दिया गया। अब यहां के लोग बाहर निकल सकते हैं।
अस्पतालों में एंटीजन किट कराई जाए मुहैया
जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये कोरोना मरीजों के उपचार के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कालसी, विकासनगर व ऋषिकेश के अस्पतालों को एंटीजन किट मुहैया कराई जाए। वहीं, निजी अस्पतालों के सहयोगात्मक रवैये पर जिलाधिकारी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सभी अस्पताल प्रबंधक अपेक्षित सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

