चुनाव 2027 को लेकर देहरादून प्रशासन अलर्ट, मतदान केंद्रों के निरीक्षण के निर्देश.

देहरादून, 27 नवंबर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर देहरादून जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना किसी बाधा के संपन्न कराने के उद्देश्य से परेड ग्राउंड स्थित बॉक्सिंग हॉल में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों और प्रक्रियाओं को लेकर उनकी समस्याएं व शंकाएं सुनीं और आवश्यक जानकारी देकर उनका समाधान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की जिम्मेदारी अहम है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए सभी कार्मिकों को इसकी गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता से काम करना होगा।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। यदि किसी प्रक्रिया या जिम्मेदारी को लेकर कोई संदेह हो तो तत्काल उच्चाधिकारी से संपर्क कर उसका समाधान किया जाए। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने को कहा।
डीएम ने सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आवंटित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर मतदान केंद्रों और बूथों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्हें मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्ग, सड़क से दूरी, भवन की स्थिति और आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता की जांच करनी होगी।इसके साथ ही कनेक्टिविटी, नेटवर्क की स्थिति और वर्नेबल व क्रिटिकल मतदान केंद्रों की मैपिंग भी की जाएगी। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान जुटाई गई सूचनाओं का सटीक रिकॉर्ड तैयार करने और समयबद्ध रिपोर्टिंग पर जोर दिया, ताकि चुनावी तैयारियों को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।प्रशिक्षण कार्यक्रम में 50 नियुक्त जोनल मजिस्ट्रेटों में से 46 तथा 239 सेक्टर मजिस्ट्रेटों में से 218 अधिकारी उपस्थित हुए।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कुमार और मास्टर ट्रेनर एवं निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह भी मौजूद रहे।

Trending Now